मीरगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में नानी के घर आई नौ वर्षीय बच्ची के साथ गांव के ही दो किशोरों ने दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी भाग गए। पीड़िता की नानी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
मुरादाबाद निवासी बच्ची इन दिनों नानी के घर आई हुई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम करीब चार बजे वह घर के पास स्थित खेत की ओर गई थी। इसी दौरान गांव के दो किशोर उसे फुसलाकर चारे के खेत में ले गए। दुष्कर्म की कोशिश की।
सहमी बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर रास्ते से गुजर रहा एक ग्रामीण मौके की ओर दौड़ा। ग्रामीण को आते देख आरोपी घबरा गए। पकड़े जाने के डर से बच्ची के साथ मारपीट की। इसके बाद किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद रोती-बिलखती मासूम ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। पीड़िता की नानी तुरंत मीरगंज थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि आरोपी किशोरों की तलाश की जा रही है।