बरेली। बारादरी इलाके के जोगी नवादा निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाने वाली किशोरी ने न्याय न मिलने की बात कहकर बृहस्पतिवार को थाने में ही दुपट्टे से गला कसकर खुदकुशी की कोशिश की। ये देख थाने में खलबली मच गई और महिला दरोगा, सिपाहियों ने दौड़कर किशोरी को बचाया। किशोरी और आत्मदाह की धमकी देने वाली उसकी मां के अलावा थाने पहुंची युवक की मां को भी हिरासत में ले लिया गया। मौके पर पहुंचे सीओ ने उनके खिलाफ रिपोर्ट लिखकर जेल भेजने के आदेश दिए, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों की दो महिलाओं और तीन पुरुष का शांतिभंग में चालान कर दिया।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाने वाली इस किशोरी ने पिछले दिनों एसएसपी को भी पत्र दिया था। उसकी मां ने एसएसपी को दिए गए पत्र में कहा कि सोलह सितंबर को युवक की मां उसकी पुत्री को बुलाकर अपने घर ले गई। उसकी मां तो किसी काम से दुकान पर चली गई, जबकि घर में मौजूद युवक ने किशोरी के साथ बलात्कार किया। उधर, युवक की मां ने बारादरी थाने में तहरीर देकर किशोरी और उसके घरवालों पर घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया। दोनों प्रार्थना पत्रों पर जांच करते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को बृहस्पतिवार को थाने बुलाया था। किशोरी की मां ने न्याय न मिलने की बात कहते हुए आत्मदाह की धमकी दे दी तो किशोरी ने दुपट्टे से गला कसकर खुदकुशी की कोशिश की। जिससे थाने में खलबली मच गई। थाने पहुंचे सीओ सिटी तृतीय डीएस मार्छाल ने मां बेटियों को आत्महत्या की कोशिश करने, उनके विपक्षियों को संबंधित आरोप के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने के निर्देश दिए, लेकिन दोनों पक्षों की सिफारिश में कई लोग आ गए। इसलिए पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक महिला और तीन पुरुष को शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर दिया। जोगी नवादा चौकी इंचार्ज देवेंद्र यादव ने बताया कि महिलाओं की तो जमानत हो गई, लेकिन पुरुषों को अदालत ने जेल भेज दिया।
0
युवक की शादी के दिन भी जहर खा लिया था किशोरी ने
- पंचायत ने पचास हजार में कराना चाह समझौता
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। किशोरी का आरोप है कि युवक लंबे समय से उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण कर रहा था। उसने उसे धोखा देते हुए अगस्त 2015 में किसी अन्य लड़की से शादी भी कर ली। जिस दिन उसकी शादी हुई तो उस दिन भी किशोरी ने जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की थी, लेकिन परिवार वालों ने उसे रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां किशोरी की जान बच गई थी।
0
किशोरी ने हर बार शादी कराने की बात कही
- किशोरी जब भी मेरे पास आई तो उसने युवक से शादी कराने की बात कही। उसने एक भी बार शारीरिक शोषण की बात नहीं की, अन्यथा मैं तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करता। चूंकि किसी की शादी कराना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं है, इसलिए मैं कैसे करा सकता। अब किशोरी सोलह सितंबर को रेप की बात कह रही तो जांच में पता चला कि युवक इस दिन घर पर ही नहीं था। उसने एक महीने पहले किसी अन्य लड़की से शादी कर ली और तब से जोगी नवादा ही छोड़ दिया है।
- मुहम्मद कासिम, इंस्पेक्टर बारादरी