बरेली। जिले में पहले चरण के पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को सुबह सात बजे से शुरू हो जाएगा और सायं पांच बजे तक मतदान का समय निर्धारित है। शाम पांच बजे तक जो भी वोटर मतदान केंद्र के अंदर होगा, उसे वोट डालने दिया जाएगा। बहेड़ी, दमखोदा, भोजीपुरा और नवाबगंज ब्लाकों के गांवों में 18 जिला पंचायत वार्डों और 435 क्षेत्र पंचायत वार्डों में सदस्य पदों के लिए 994 बूथों पर वोट पड़ेंगे। पहले चरण में करीब साढ़े नौ लाख मतदाता हैं।
जिला पंचायत के लिए 274 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 2648 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदाता बैलेट पेपर के जरिए वोट डालेंगे। निर्धारित स्थलों से दोपहर रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां बृहस्पतिवार शाम तक सारे बूथों पर पहुंच गईं। मतदान के लिए प्रशासन ने बंदोबस्त किए हैं। मतदान के लिए प्रशासन ने 4250 कर्मचारियों को तैनात किया है।
खास बातें
वाहनों से वोटर ढोने पर पाबंदी
-मतदान की समय अवधि में बूथों के दो सौ मीटर के दायरे में बेवजह किसी को आने नहीं दिया जाएगा।
-कोई भी वोटर वाहनों से पोलिंग बूथों के 200 मीटर तक वोटरों को नहीं ढो सकेंगे। ऐसा करने वाले प्रत्याशियों के वाहन जब्त कर लिए जाएंगे। उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डमी प्रत्याशियों पर सख्ती
-मतदान के दौरान डमी प्रत्याशियों पर नजर रहेगी। जिला प्रशासन ने साफ साफ कहा है कि डमी प्रत्याशी की पुष्टि होने पर डमी के साथ-साथ उन प्रत्याशियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, जिनके लिए वह काम कर रहे हैं।
वोट डालने को मान्य प्रमाणपत्र
वोटर आई कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पास बुक, पासपोर्ट, किसान वही, मूल निवास, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाण, विभागों से जारी आई कार्ड सहित 17 प्रपत्र मान्य किए गए हैं।
आठ किमी तक शराब बंदी
मतदान केेंद्रों की आठ किलोमीटर की परिधि में मतदान होने तक शराब की दुकानें नहीं खोली जा सकेंगी। आयोग के निर्देश पर प्रशासन ने इसका आदेश जारी कर दिया है। चुनाव क्षेत्र के सरकारी दफ्तर और सभी निजी संस्थानों और स्कूलों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
पहले चरण के चुनाव की स्थिति
ब्लाक भोजीपुरा बहेड़ी दमखोदा नवाबगंज योग
जिपं वार्ड 4 5 4 5 18
बीडीसी वार्ड 99 118 89 129 435
मतदाता 216278 255955 196741 281086 9,50,060
मतदेय स्थल 215 265 204 310 994
संवेदनशील पोलिंग स्टेशन 55 27 15 82
अतिसंवेदनशील पोलिंग स्टेशन 44 21 05 31
सेक्टर 14 24 14 14 66
जोन 02 05 04 04 15