बिथरी चैनपुर। खनन मेें लगी ट्रॉली पकड़वाने के शक में कैंट के गांव बभिया निवासी विजेंद्र कश्यप और उसके साथियों ने भौआपुर निवासी अनुराग मिश्रा को कार से दौड़ाकर पकड़ लिया। उनका पर्स और अंगूठी लूटकर ईंट से सिर कुचलकर हत्या की कोशिश की लेकिन इसी बीच लोगों के आने पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। विजेंद्र कश्यप के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अनुराग के परिजन के मुताबिक बभिया के विजेंद्र कश्यप की मंगलवार सुबह कैंट पुलिस ने खनन में लगी मिट्टी भरी ट्रॉली पकड़ी थी। विजेंद्र को शक था कि उसकी ट्रॉली अनुराग ने पकड़वाई है। इसी रंजिश में मंगलवार रात घर लौटते वक्त विजेंद्र और उसके दो साथियों ने अपनी कार अनुराग की कार के पीछे लगा दी और मानपुर फाटक के पास उनकी कार रुकवाकर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि अनुराग की कार में रखा पर्स और उनकी अंगूठी लूट ली। इसके बाद आरोपी अनुराग के सिर में ईंट से वार करने लगे। अनुराग की चीखें और शोरशराबा सुनकर आसपास के लोगों ने टार्च जलाई, कुछ लोग मौके पर भी पहुंचे तो आरोपी फायर करके वहां से भाग निकले। इसी बीच पुलिस भी पहुंच गई। अनुराग का कहना है कि पुलिस ने वहां से भाग रहे विजेंद्र का फोटो भी मोबाइल से खींच लिया है। पुलिस ने अनुराग को अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। उनकी तहरीर पर विजेंद्र के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।