फरीदपुर। पीड़ित के घर के समीप मांसाहारी होटल खोलने के विरोध पर उसके पुत्र के अपहरण का प्रयास किया गया। पीड़ित परिवार ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित ने होटल संचालक को घटना का जिम्मेदार बताया है।
नगर के मोहल्ला ऊंचा निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा ने फरीदपुर थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उनके मोहल्ले में गिने-चुने हिंदू परिवार रहते हैं। उनके मकान के पास में मुस्लिम मांसाहारी होटल है। आरोप है कि होटल संचालक कचरा उनके घर की तरफ फेंकता है। पीड़ित परिवार ने होटल का काफी विरोध किया, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने से बौखलाए आरोपियों ने उसके बेटे का अपहरण करने का प्रयास किया।
उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात होटल मालिक द्वारा 45 बदमाशों को खाना खिलाया गया, जो कि शराब के नशे में धुत थे और मकान के सामने खड़े होकर पेशाब करने लगे। मना करने पर उसके बेटे को गाड़ी में डालकर अपहरण करके ले जाने लगे। शोर सुनकर वह और मोहल्ले के लोग आ गए, तब आरोपी मौके से फरार हो गए। संवाद