बरेली। शराब पीकर ड्यूटी करने को लेकर नौकरी से हटाए गए तीन गार्डों ने इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के सुरक्षा अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया। मेयर के ड्राइवर ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा अधिकारी को बचाया। बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पीलीभीत जिले के बीसलपुर निवासी रवि बाबू इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में सुरक्षा अधिकारी हैं। रवि बाबू ने बताया कि यूनिवर्सिटी में सुरक्षा गार्ड के पद पर फरीदपुर के टिसुआ निवासी वीर सिंह यादव, हिमांशु यादव और विकास यादव कार्यरत थे। आरोप लगाया कि तीनों शराब पीकर ड्यूटी करते थे कई बार समझाया लेकिन नहीं माने।
इस पर रवि बाबू ने तीनों को ड्यूटी से हटा दिया। इससे तीनों रंजिश मानने लगे। तीन अगस्त को जब रवि बाबू ड्यूटी पूरी कर यूनिवर्सिटी से निकले तो गेट पर घात लगाए बैठे तीनों आरोपियों ने सरिया से हमला कर दिया। शोर सुनकर मेयर के ड्राइवर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तीनों हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। ब्यूरो