बरेली। बिथरी चैनपुर में जमीन पर कब्जा करने का विरोध करने पर दबंगों ने दंपती पर हमला कर दिया। पुलिस पांच महीने तक पीड़ित को टहलाती रही। अब कोर्ट के आदेश पर प्रधान समेत 14 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना बिथरी चैनपुर के गांव उड़ला जागीर निवासी शबनम ने बताया कि गांव में ही उनकी जमीन है, इसमें से कुछ हिस्से में वह मकान बनाकर रह रही है और खाली जमीन में खेती कर अपने परिवार का पालन कर रही है। खाली पड़ी जमीन अब बीच गांव में आने से उसकी कीमत काफी बढ़ गई है। इसी को लेकर भूमाफिया इस जमीन पर कब्जा करने की फिराक में लगे रहते थे। पांच महीने पहले गांव का प्रधान मुशाहिद, साबिर हुसैन, कयूम खान, इरशाद खान, हनीफउद्दीन लाठी डंडे और तमंचे से लैस होकर जमीन पर कब्जा करने आ गए।
महिला व उसके पति ने विरोध किया तो इन लोगों ने दंपती को घर में घुसकर तमंचों की बट व लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। महिला का आरोप है कि दबंगों ने उनके पति के गले में अंगोछा डालकर हत्या करने की कोशिश की। हालांकि पड़ोसियों के आने से उनके पति की जान बच गई। महिला ने थाना बिथरी चैनपुर में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर गांव के प्रधान मुशाहिद, साबिर हुसैन, कयूम खान, इरशाद खान, हनीफुद्दीन, नौशाद खान व सद्दाम खान समेत 14 लोगों पर थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमर उजाला ब्यूरो