पुलिस ने 34 संदिग्ध नाम सेना को भेजे
बंडा में फर्जी कागजात तैयार कराने वाले गैंग के लोगों के पकड़े जाने के बाद अब तक हुई विवेचना और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सेना को 34 संदिग्ध नामों की सूची भेजकर सत्यापन चाहा है। अभी तक सेना की ओर से पुलिस को जवाब नहीं मिल सका है। सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद फर्जीवाड़े की स्थित साफ हो सकेगी।
लेखपाल, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई कर्मचारियों से हुई पूछताछ
उपेंद्र और अमन के नाम के फर्जी निवास प्रमाणपत्र बनाए जाने और उनके आधार पर दोनों के सेना में भर्ती होकर ट्रेनिंग करने का खुलासा होने पर राजस्व विभाग के अधिकारी भी सकते में हैं। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार को एसडीएम और तहसीलदार ने निवास प्रमाणपत्र पर रिपोर्ट लगाने वाले लेखपाल, कानूनगो, कंप्यूटर ऑपरेटर आदि को बुलाकर पूछताछ की। तहसील के कुछ अन्य कर्मचारियों से मामले की जानकारी ली गई है। मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण अधिकारी अपने स्तर से भी जांच में जुटे हुए हैं।
फर्जी निवास प्रमाणपत्र नवंबर 2019 में बनाए गए हैं। एसडीएम दशरथ कुमार ने बताया कि मामले में विभागीय जांच कराई जा रही है। किसी कर्मचारी की लापरवाही या संलिप्तता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।