बरेली में बदायूं रोड स्थित मदर्स पब्लिक स्कूल में मंगलवार को अमर उजाला की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजनहुआ। इसमें एएसपी सोनाली मिश्रा ने विद्यार्थियों को सुरक्षा से संबंधी कई जानकारियां दीं। साइबर क्राइम से बचाव के उपाय बताए।
आज के डिजिटल युग में इंटरनेट हमारे लिए जितना मददगार है, उतना ही खतरनाक भी साबित हो सकता है। साइबर अपराधी युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी का ऑफर देकर बुलाते हैं और वहां उनको डिजिटल गुलाम बना लिया जाता है। जबरन उनसे साइबर अपराध कराए जाते हैं। आपकी सतर्कता ही इससे बचाव का एकमात्र उपाय है। ये बातें एएसपी सोनाली मिश्रा ने मंगलवार को मदर्स पब्लिक स्कूल में अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला के दौरान कहीं।
विज्ञापन
एएसपी ने कहा कि साइबर फ्रॉड से आप तभी बच सकते हैं, जब उसे शुरुआती स्तर पर ही पहचान लें। ठग आजकल विशेष रूप से युवाओं और बुजुर्गों को अपना शिकार बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वह रोजाना अखबार पढ़ने की आदत डालें। इससे न केवल देश-दुनिया के घटनाक्रम से अपडेट रहेंगे, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं में भी मदद मिलेगी।
ऑनलाइन जॉब प्लेटफॉर्म से चुरा रहे डाटा
साइबर थाने के इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने विदेश जाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को आगाह किया। उन्होंने कहा कि ठग अब ऑनलाइन जॉब प्लेटफॉर्म से युवाओं का डाटा चुराते हैं। इसके बाद उनको विदेश में आकर्षक पैकेज पर नौकरी का लालच दिया जाता है। ठग खुद टिकट भेजकर युवाओं को विदेश बुलाते हैं। वहां पहुंचने पर उन्हें समुद्र और जंगलों के रास्ते गुप्त अड्डों पर ले जाया जाता है।
विज्ञापन
उनके पासपोर्ट छीन लिए जाते हैं। बंधक बनाकर उनसे डिजिटल गुलामी यानी जबरन अवैध साइबर गतिविधियों में काम कराया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान कॉल या लुभावने ऑफर पर आंखें बंदकर भरोसा न करें। कोई भी गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हो तो तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को सूचित करें।