शाहजहांपुर में डीएम को ज्ञापन देने जाती आशा वर्कर्स यूनियन की पदाधिकारी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। अधिकारियों के स्तर से उत्पीड़न व हिंसा के विरोध में स्वास्थ्य विभाग की आशा और संगिनी कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (स्टेट प्रोग्राम) के निदेशक के नाम अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राशि कृष्णा को ज्ञापन सौंपा। मांग की कि ऐसी घटनाओं में लिप्त अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें दंडित किया जाए।
ज्ञापन में चंदौली जनपद के चहनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरादाबाद में ताजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और हरदोई जिले के संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कतिपय अधिकारियों द्वारा वहां की आशा और संगिनी कर्मचारियों के साथ अमर्यादित आचरण की घटनाओं का ल्लेख किया गया।
इस मौके पर आशा कार्यकर्ता यूनियन की जिलाध्यक्ष कमलजीत कौर ने कहा कि इन घटनाओं में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच कर निलंबन और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में आशाओं से भुगतान के बदले 20 से 30 प्रतिशत की जा रही धन की उगाही पर तत्काल रोक लगाने, यौन हिंसा की रोकथाम को जनपद स्तर पर जेंडर सेल स्थापित कराने, एनएचएम की धनराशि के गोलमाल पर रोक लगाने को निगरानी तंत्र बनाने आदि मांगें रखीं। इस दौरान सुनीता त्रिपाठी, शकुंतला देवी, अनीता देवी, बीना मिश्रा, नीतू सागर, रीता, सावित्री देवी आदि शामिल रहीं।