क्योलड़िया। भदपुरा विकासखंड के खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश प्रजापति के 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त हो जाने के बाद से बीडीओ कार्यालय में मनमानी का आलम है। यहां कई ब्लॉक कर्मियों ने कार्यों से दूरी बना ली है। शिकायत लेकर पहुंच रहे शिकायतकर्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार इस विकासखंड के अंतर्गत 79 ग्राम पंचायत हैं। अब लोगों की शिकायत सुनने के लिए यहां पर कोई भी अधिकारी उपलब्ध नहीं ह। ग्राम प्रधानों का आरोप है कि कुछ ग्राम पंचायत अधिकारियों ने तो जनता का फोन उठाना भी बंद कर दिया है। वहीं यही हाल नवाबगंज विकास खंड का भी है। यहां सेवानिवृत खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश पर नवाबगंज का भी चार्ज था। इसको लेकर लोगों को परेशानी हो रही है। ग्राम प्रधानों ने ब्लाॅक मुख्यालय पर शीघ्र खंड विकास अधिकारी की तैनाती की मांग की है।
आईडी नहीं बनने से विकास कार्यों को रोका
ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह, ग्राम पंचायत पारापुर उर्फ भगतीपुर ने बताया कि ग्राम पंचायत के अंदर ही सीसी निर्माण कार्य के लिए आईडी बनवाने के लिए ब्लॉक में आया था, लेकिन खंड विकास अधिकारी न होने की वजह से आईडी नहीं बन पाई। यहां कई कर्मी दिखे ही नहीं। इसलिए उन्हें विकास कार्यों को रोकना पड़ा।
-
सेवानिवृत्त् हुए बीडीओ के बाद अभी तक किसी अन्य खंड विकास अधिकारी ने चार्ज नहीं लिया है। इस मामले में जिला मुख्यालय को अवगत करा दिया गया है। शीघ्र ही दोनों ब्लॉकों में खंड विकास अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
-उदित पवार, एसडीएम नवाबगंज