शाहजहांपुर। अमर उजाला के ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ अभियान के तहत सोमवार को महिलाओं ने पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पौधरोपण व जल संरक्षण की शपथ ली। इस मौके पर डॉ. नमिता सिंह ने पर्यावरण का महत्व समझाते हुए उनसे जल संरक्षण करने और पर्यावरण संतुलन के लिए कम से कम एक पौधा रोपित करने व उसकी देखभाल करने को कहा।
मशीनरी मार्केट स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी वीना सिंह ने कहा कि भूगर्भ जल के अंधाधुंध दोहन से पानी की समस्या दिनोंदिन गहराती जा रही है। देश के कई राज्य पानी के लिए तरस रहे हैं। ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि सभी महिलाएं पानी का मोल समझते हुए उसकी बर्बादी होने से बचाएं। स्तुति गुप्ता ने कहा कि पेड़ों के कटान से पर्यावरण पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। हर ओर गर्मी से त्राहि-त्राहि मची है। इससे छुटकारा पाने का एकमात्र उपाय पौधे रोपित करना है। उन्होंने महिलाओं से अधिक से अधिक पौधरोपण की अपील की।