कॉलेजों के दस्तावेज पूरे न होने पर विश्वविद्यालय ने लगाई थी रोक
विज्ञापन
हाईकोर्ट के आदेश के बाद मिला छात्रों को फार्म भरने का मौका
बरेली। तीन कॉलेजों की मान्यता के दस्तावेज पूरे न होने पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इनमें एडमिशन लेने वाले बीएड प्रथम वर्ष के छात्रों के परीक्षा फार्म भरने पर रोक लगा दी थी। अब हाईकोर्ट के आदेश पर इन छात्रों को परीक्षा फार्म भरने की अनुमति दे दी गई है।
शैक्षिक सत्र 2019-20 में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध बिजनौर के एसएसडी कॉलेज, गजरौला के सिद्धार्थ शिक्षण संस्थान और बरेली के सरदार बल्लभ भाई पटेल पीजी कॉलेज में बीएड प्रथम वर्ष में एडमिशन पर रोक लगा दी गई थी। इसके बावजूद इन कॉलेजों में कुछ छात्र-छात्राओं ने एडमिशन ले लिया तो विश्वविद्यालय ने परीक्षा फार्म भरने से रोक दिया। इस पर ये छात्र हाईकोर्ट चले गए और भविष्य की दुहाई दी तो हाईकोर्ट के आदेश पर विश्वविद्यालय ने तीनों कॉलेज में बीएड प्रथम के छात्रों को परीक्षा फार्म भरने की मंजूरी दे दी है। इन छात्र-छात्राओं के परीक्षा फार्म सात अक्तूबर से भरे जाएंगे और 14 अक्तूबर तक ऑनलाइन फीस जमा की जा सकेगी। इसके बाद 15 अक्तूबर को महाविद्यालय भरे गए फार्मों को सत्यापित करेंगे।