रामगंगानगर के सेक्टर दो में विकसित हो रही है नई कॉलोनी
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण इसी महीने कावेरी टाउनशिप लांच करेगा। लोग 26 जुलाई से प्लॉट के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसमें तीन सौ वर्गमीटर तक के प्लॉट लोगों को मिल सकेंगे जिसके लिए पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं।
प्राधिकरण ने पिछले दिनों रामगंगा नगर में गंगा और नर्मदा नाम से दो बड़ी गेटबंद कॉलोनी लांच की थीं लेकिन तमाम लोगों को इस योजना में प्लाट नहीं मिल पाए। अब बीडीए सेक्टर दो में ही कावेरी टाउनशिप लांच करने जा रहा है। यह कॉलोनी भी गेटबंद होगी जहां लोगों की सुविधा के लिए बड़े पार्क, चौड़े रास्ते, नाली-सीवर की सुविधा के साथ सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
बीडीए अधिकारियों के मुताबिक प्लाट लेने के लिए लोग प्राधिकरण की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 26 जुलाई तक राजेंद्रनगर की पीएनबी शाखा से पंजीयन फ ार्म भी लेकर जमा किए जा सकते हैं। कावेरी में करीब 181 भूखंड हैं जो 112 से लेकर 288 वर्ग मीटर तक के है। इनकी दर 23 हजार प्रति वर्ग मीटर है। बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि कावेरी कॉलोनी में भी लोगों के लिए सभी सुविधाएं होंगी।
गंगा और नर्मदा में बिक गए पांच सौ प्लॉट
प्राधिकरण ने गंगा और नर्मदा कॉलोनियों में करीब पांच सौ प्लाट बेचकर करीब 140 करोड़ रुपये की आमदनी की है। कावेरी के बाद प्राधिकरण साबरमती कॉलोनी लांच करने की तैयारी में है।