फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

38 मिनट में भाजपा के विकास कार्य गिनाएं, विपक्ष को दिखाया आइना

विज्ञापन
शाहजहांपुर में शुक्रवार को कटिया टोला में संपर्क के दौरान वोट मांगते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्? - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। गांधी भवन में भाजपा के प्रभावी मतदाता संवाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 38 मिनट के भाषण में किसान से लेकर महिलाओं तक को साधने की कोशिश की। उन्होंने देश से लेकर प्रदेश और शाहजहांपुर के विकास कार्यों को गिनाया, साथ ही सपा को निशाने पर रखा। नड्डा ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि पूर्व सीएम को देश को खंडित करने वाले व्यक्ति की याद क्यों आती है। यह प्रेम क्यों जागता है। बोले-यह समाज को खंडित कर अपनी राजनीति करते हैं। अंग्रेज चले गए, पर यह उनके तरीकों को अपनाने वाले अभी भी हैं।
विज्ञापन

शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने माइक संभाला। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत काकोरी कांड के अमर नायक अशफाक उल्ला खां, ठा. रोशन सिंह, पं. रामप्रसाद बिस्मिल और भगवान परशुराम के चरणों में नमन कर की। नड्डा ने चुनाव में प्रत्याशी को चुनने का आधार बताया। बोले कि हर पार्टी अपनी घोषणाएं लेकर मतदाताओं तक पहुंच रही हैं, पर हमारे पास एक ही अधिकार और आधार है कि हमें इस बात पर तौलें कि हमने क्या कहा था और क्या किया है। पीएम ने देश की राजनीति की संस्कृति बदल दी है।
जेपी नड्डा ने वर्ष 2017 के चुनाव की चर्चा करते हुए सवाल किया कि क्या सपा काम के आधार पर वोट मांगने आई थी। सपा की आदत है कि नया चुनाव और नए वादे करना। यही इनकी संस्कृति है, भाजपा ने जो कहा था वह किया और जो कहेंगे वह करेंगे। नड्डा ने किसानों को साधने का प्रयास किया। बोले कि देश में बहुत से लोग किसान नेता कहलाते हैं। आज समय विवेचना करने का है कि उन किसान नेताओं ने कृषकों के लिए क्या किया? पहले 22 हजार करोड़ का बजट कृषि के लिए होता था। पीएम ने बजट बढ़ाकर एक लाख 23 हजार करोड़ रुपये कर दिया। उन्होंने कांग्रेस सरकार द्वारा किसानों की कर्जमाफी पर कटाक्ष किया। बोले-पहले दस साल में 57 हजार करोड़ रुपये कर्जा माफ होता था। अब किसान निधि में एक लाख 80 हजार करोड़ रुपये किसान सम्मान निधि के जरिए उनके खातों में भेजे जाते हैं। उन्होंने खाद में सब्सिडी, किसान बीमा योजना, मिट्टी का हेल्थ कार्ड, किसानों को पेंशन की योजना को गिनाया। बोले-पहले किसानों को खाद के लिए पुलिस की लाठी खाना पड़ती थी। अब यूरिया आसानी से मिल जाती है। हर क्षेत्र में यूपी विकास कर रहा है। नड्डा बोले कि 2014 से पहले तक यूपी में 15 मेडिकल कॉलेज थे, अब यह संख्या 59 पहुंच चुकी है। पहले दो एक्सप्रेस-वे थे। अब चार हो गए। शाहजहांपुर मेन लाइन पर है, यहां पर गंगा एक्सप्रेस-वे बनेगा। उन्होंने पूर्व सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले लैंड माफिया घर छोड़कर जाने को कहते थे, पर पिछले पांच वर्ष में पीएम आवास योजना में 42 लाख लोगों को अपना मकान मिला। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने जनपद में राजकीय मेडिकल कॉलेज की नींव रखी थी। अब जिले के नौजवानों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना होता।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि आतंकियों को छुड़ाने की सिफारिश करने वालों से सावधान रहना है। जब रक्षक भक्षक बन जाए तो ऐसे लोगों को सत्ता में नहीं लाएं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों की ओर इशारे करते हुए कहा कि जिन्हें काम देना है। उन्हें काम दें और जिन्हें आराम देना है। उन्हें आराम करने दें।
भाजपा के नगर विधानसभा से प्रत्याशी सुरेश खन्ना ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद, सांसद अरुण सागर, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णाराज, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, कटरा से प्रत्याशी वीर विक्रम सिंह, पुवायां से प्रत्याशी चेतराम, ददरौल से प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह, जलालाबाद से प्रत्याशी हरिप्रकाश वर्मा, एससीएसटी आयोग के उपाध्यक्ष मिथलेश कुमार, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर, सुनील सिंघल, डॉ.राकेश दीक्षित आदि मौजूद रहे।
रूठों को मनाने और वोटरों को साधने के मंत्र दे गए नड्डा
शाहजहांपुर। रेती रोड स्थित भाजपा कार्यालय के सभागार में दोपहर करीब पौने दो बजे रेती कार्यालय में पहुंचे जेपी नड्डा ने जिला व नगर कमेटी की बैठक ली। बैठक में पदाधिकारियों के अलावा अन्य व्यक्तियों को एंट्री नहीं दी गई। गोपनीय बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनाव में जीत दर्ज करने के टिप्स दिए। उनका सबसे ज्यादा फोकस था कि प्रत्येक वोटर तक भाजपा कार्यकर्ता पहुंच पाए। उन्होंने पार्टी से रूठे हुए वोटरों को मनाने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को दी। पांच से छह बूथों को मिलाकर बने शक्ति केंद्र पर एक पदाधिकारी को नियुक्त करने के लिए कहा। उन पर बूथ को जिताने की योजना बनाना होगी। पन्ना प्रमुखों को प्रत्येक वोटर के घर चुनाव से पहले पहुंचकर उन्हें साधने के निर्देश दिए। नड्डा ने कहा कि मतदाताओं के पास जाकर उनकी बात को सुनें। जिले से लेकर बूथ कार्यकर्ता तक को काम देने के निर्देश दिए। 47 मिनट चली मीटिंग में जेपी नड्डा ने पदाधिकारियों के पेच कसे। उन्होंने सभी विधानसभाओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए कहा है। इस दौरान रजनीकांत माहेश्वरी, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, राजकमल वाजपेयी, महिला जिलाध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, नीतू गुप्ता, सौरभ सोमवंशी, किशोर गुप्ता, डॉ. यूडी कपूर, सुधीर गुप्ता, संजीव अग्रवाल, आशीष त्रिपाठी, अरुण मिश्रा आदि मौजूद रहे।
कटिया टोला में नड्डा ने घर - घर जाकर मांगे वोट
-भाजपा के राष्ट्रीय जेपी नड्डा ने सदर क्षेत्र के कटिया टोला में नगर विधानसभा से प्रत्याशी सुरेश खन्ना के पक्ष में वोट मांगे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नड्डा डोर-टू-डोर पहुंचे। इस बीच उनका फूल वर्षा कर स्वागत किया गया। गांधी भवन के बाद 4.07 बजे नड्डा कटिया टोला में पहुंचे। एसपी कॉलेज में लगी सरदार पटेल की मूर्ति के सामने वाली गली में नड्डा ने महिमा शुक्ला, राजीव चौरसिया, आलोक सक्सेना, राम भरोसे कनौजिया, कल्पना गुप्ता, विनय गुप्ता, रमेश चंद्र सक्सेना, भुवनेश गुप्ता, सीमा सक्सेना, महेश चौरसिया, रजनी गुप्ता आदि के घरों पर वोट मांगे। नड्डा का मकानों की छतों से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
जितिन प्रसाद के आवास पर किया भोजन
-राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जितिन प्रसाद के आवास पर पहुंचकर भोजन ग्रहण किया। उनके साथ भाजपा प्रत्याशी सुरेश खन्ना, सांसद अरुण सागर और विधायक भी रहे। जितिन प्रसाद की मां कांता प्रसाद, वरिष्ठ भाजपा नेता राजाराम मिश्रा, तिलहर प्रत्याशी सलोना कुशवाहा, कौशल मिश्रा, अमित वाजपेयी, विनीत मिश्रा, भूपेंद्र, मनिल वाजपेयी, श्यामबाबू सिंह आदि मौजूद रहे। करीब 20 मिनट तक जितिन प्रसाद के आवास पर रुकने के बाद गांधी भवन की ओर कूच किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें