अपराजिता अभियान (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
लखीमपुर खीरी में अमर उजाला के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल अभियान के तहत शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बेसिक विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं बीटीसी की छात्राओं को मतदान करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी रवि रंजन ने किया। बीटीसी छात्रा शालू देवी एवं शानू वर्मा ने स्वागत गीत और ओमनरायन शास्त्री ने लोकगीत प्रस्तुत कर मतदान के प्रति जागरूक किया।
सीडीओ ने कहा कि मतदान सबका अधिकार है। इसलिए सभी लोग सोंच समझकर अपने मत का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने मौजूद शिक्षक, शिक्षिकाओं और छात्राओं को घर के सदस्यों और आस-पास रहने वाले लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की प्रेरणा दी और मौजूद लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डायट प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता ने शिक्षिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वह स्कूल में छात्रों को जागरूक कर बताएं कि वह घर में मां पिता आदि को वोट डालने की प्रेरणा दें। इसी के साथ शिक्षिकाओं से मतदान के लिए संकल्प पत्र भरवाए गए। इस मौके पर डायट स्टाफ मौजूद रहा।