बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत मेधावी छात्राओं को एक बार फिर सत्यापन के लिए बुलाया है। छात्राओं को अपने डेटा और अभिलेखों के सत्यापन के लिए सात सितंबर को सुबह 10 बजे उपस्थित होना होगा। यह सत्यापन शासन स्तर पर किया जा रहा है, इसके लिए कुछ दस्तावेज में संशोधन की आवश्यकता है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में छात्राओं को अपने महाविद्यालय के प्राचार्य या अधिकृत प्रतिनिधि के साथ पहुंचना होगा। अनुपस्थित रहने या दस्तावेज उपलब्ध न कराने पर छात्रा स्वयं जिम्मेदार होगी। सभी संबंधित प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों से छात्राओं को सूचित करने को कहा गया है।
सत्यापन के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेजों में आधार कार्ड, आय प्रमाणपत्र और निवास प्रमाणपत्र शामिल हैं। बैंक पासबुक की प्रति, गतिमान या अंतिम वर्ष की अंकतालिका भी अनिवार्य है। प्रवेश संबंधी प्रमाणपत्र और विश्वविद्यालय या महाविद्यालय द्वारा मांगे गए अन्य दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे।