लखनऊ से अहिल्या बाई होल्कर पुरस्कार लेकर लौटी बहादुर बिटिया अंजलि मिश्रा का मंगलवार को विभिन्न संगठनों ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी स्मारक समारोह समिति के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर फूल मालाओं व पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने कहा कि अंजलि ने ऋषिकेश में गंगा में बहते हुए पानी कू दकर दो बच्चों की जिस बहादुरी से जान बचायी उससे बरेली का हर व्यक्ति स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं।
आवामी खिदमात कमेटी ने चौकी चौराहा पर शाल उढ़ाकर व पुष्प वर्षा कर अंजलि का स्वागत किया। अध्यक्ष शाकिर यार खां नूरी, कोआर्डीनेटर एलपी गंगवार व डॉ. अतीक अहमद नूरी ने बच्चों से अपेक्षा की कि वे बहादुर बिटिया से प्रेरणा लें और कुछ ऐसा करें जिससे दुनिया उन्हें सदैव याद रखे।
युवा लोधी सभा के कार्यकर्ताओं ने पटेल चौक पर ढोल नगाड़े के साथ फूल माला पहना कर अंजलि मिश्रा का स्वागत किया तथा घोषणा की कि वह अंजलि मिश्रा को अवंती बाई ऐचीवमेंट अवार्ड से शीघ्र सम्मानित करेगी। स्वागतकर्ताओं में गौरव राजपूत, दुर्गेश लोधी, दीपक राजपूत, राधेरमन लोधी, हरिशंकर लोधी, मनोज लोधी व धर्मेन्द्र राजपूत प्रमुख थे।