शेरगढ़ (बरेली)। पत्नी के मुर्गा बनाने से मना करने पर एक युवक ने गुस्से में यूकेलिप्टस के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से घर में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव वैरमनगर निवासी 45 वर्षीय मनचंद राठौर मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। सोमवार शाम जब वह मजदूरी करके घर लौटा तो मुर्गा खरीदकर ले गया। घरवालों ने बताया कि मनचंद के अलावा बाकी सभी लोग शाकाहारी हैं। लिहाजा उसकी पत्नी अपने हाथ से मीट-मुर्गा बनाने से परहेज करती है। मनचंद ने जब पत्नी से मुर्गा बनाने को कहा तो उसने यह कहकर मना कर दिया कि वह मसाला पीस देगी, बना खुद लेना। इससे नाराज होकर मनचंद घर से चला गया और कल्लू बख्श के खेत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से लुंगी का फंदा बांधकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह घरवालों को उसका शव पेड़ पर लटका मिला तो कोहराम मच गया। मृतक के तीन बेटी और एक बेटा है।