भोजीपुरा। क्षेत्र के एक गांव में परिचित युवक टॉफी और जामुन खिलाने का लालच देकर पांच वर्षीय मासूम को अपने घर में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में एसएसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक और उसके पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
एक गांव निवासी पांच वर्षीय मासूम पांच जुलाई को स्कूल से दोपहर 12 बजे अपने घर आ रहा था। तभी युवक वहां आ गया। वह मासूम को टॉफी और जामुन देने का लालच देकर अपने घर पर ले गया। घर में ले जाकर आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। मासूम जब घर पहुंचा तो परिजनों को जानकारी हुई। वे भोजीपुरा थाने पहुंचे तो पीछे से आरोपी के परिवार वाले भी आ गए और दोनों में समझौता हो गया। लिखित समझौता पुलिस को सौंप दिया गया।
इसके बाद फिर दोनों पक्षों में किसी बात लेकर विरोध हो गया। तभी मासूम के पिता ने भोजीपुरा थाने में बुधवार को तहरीर दी। कार्रवाई न होने पर पीड़ित पक्ष एसएसपी से मिला। एसएसपी के निर्देश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वरिष्ठ उप निरीक्षक टीपी सिंह ने बताया कि मासूम को मेडिकल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद