रेलवे ने बिहार के बरौनी से गुजरात के भुज के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दी है। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन दोनों दिशाओं में चलेगी। यह हाथरस, बरेली, पीलीभीत, गोंडा और गोरखपुर के रास्ते 2,532 किमी का सफर तय करेगी।
रेलवे ने बिहार के बरौनी से गुजरात के भुज के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी है। इस गाड़ी का संचालन दोनों ओर से सप्ताह में तीन-तीन दिन किया जाएगा। हालांकि, संचालन शुरू होने की तिथि अभी तय नहीं की गई है।
विज्ञापन
यह पहली अमृत भारत एक्सप्रेस होगी जो हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी। गाड़ी एक ओर से 2,532 किमी दूरी तय करते हुए बिहार, यूपी, राजस्थान और गुजरात के कई शहरों को जोड़ेगी।
रेलवे की ओर से जारी नोटिफिकेशन में बताया गया है कि 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को भुज से शाम 5:30 बजे चलेगी और तीसरे दिन तड़के 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को बरौनी से रात 11:55 बजे चलने के बाद तीसरे दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।
यह गाड़ी बरेली, पीलीभीत, मैलानी, लखीमपुर के रास्ते चलाई जाएगी। इससे यहां के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इस रूट पर अभी इज्जतनगर-गोरखपुर और कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है।
इन स्टेशनों पर दिया जाएगा ठहराव
इस अमृत भारत एक्सप्रेस को समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा। हालांकि, रेलवे ने गाड़ी के संचालन की तारीख अभी घोषित नहीं की है।