आम्रपाली ग्रुप पर निवेशकों के करोड़ों रुपये बकाया हैं। इसके चलते ही सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस ग्रुप की देश भर में फैली संपत्ति डीआरटी (डेब्ट रिकवरी ट्रिब्यूनल) ने अटैच कर ली है। बरेली में सीबीगंज स्थित आम्रपाली मॉल और मल्टीप्लेक्स को भी अटैच किया गया है। अब डीआरटी ने नौ मई को इसकी ऑनलाइन नीलामी करने की घोषणा की है।
आम्रपाली ग्रुप ने ग्रेटर नोएडा में रियल एस्टेट कारोबार में फ्लैट खरीदने वालों से करोड़ों रुपये निवेश कराए और फिर वे रुपये दूसरी कंपनियों में लगा दिए। तमाम प्रयासों के बावजूद निवेशकों को अपने रुपये या फ्लैट नहीं मिले तो मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने डीआरटी को देश भर में फैली इस ग्रुप की संपत्तियों को अटैच करने के निर्देश दिए ताकि इनकी बिक्री कर निवेशकों का पैसा लौटाया जा सके। इसी क्रम में करीब दो महीने पहले बरेली पहुंची डीआरटी की टीम सीबीगंज स्थित आम्रपाली माल और मल्टीप्लेक्स को सील करके कब्जे में ले लिया था। अब नौ मई को अपराह्न तीन बजे इसकी ऑनलाइन नीलामी करने की तैयारी है, जिसको लेकर डीआरटी ने विज्ञापन भी जारी कर दिया है।
नगर निगम का भी 98 लाख है बकाया
सीबीगंज के आम्रपाली मॉल पर नगर निगम का 98 लाख 58 हजार 8 रुपये टैक्स बकाया है। यह संपत्ति अटैच होने पर नगर निगम ने भी इसकी जानकारी डीआरटी को भेजी है। नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि टैक्स के रुपये प्राप्त करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।