फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LPG Crisis: बरेली में एलपीजी संकट के बीच पीएनजी पर जोर, आवेदन बढ़े; दोगुनी हुई इंडक्शन की बिक्री

Fri, 13 Mar 2026 02:13 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

एलपीजी संकट के बीच लोगों का रुझान इंडक्शन चूल्हे और पीएनजी की ओर बढ़ने लगा है। बरेली में तीन दिनाें में घरेलू और व्यावसायिक श्रेणी में पीएनजी कनेक्शन के लिए करीब डेढ़ सौ आवेदन आए हैं।
विज्ञापन
gas pipeline PNG - फोटो : Adobe Stock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों का रुझान इंडक्शन चूल्हे और पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की ओर बढ़ने लगा है। तीन दिनाें में घरेलू और व्यावसायिक श्रेणी में पीएनजी कनेक्शन के लिए करीब डेढ़ सौ आवेदन आए हैं। कटे कनेक्शन जुड़वाने के लिए पुराने उपभोक्ता भी सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) के कार्यालय पहुंच रहे हैं। इंडक्शन चूल्हों की बिक्री भी अचानक दोगुनी हो गई है। एलपीजी संकट बरकरार रहा तो इसमें और उछाल आने की उम्मीद है।

विज्ञापन


खाड़ी युद्ध के चलते एलपीजी सिलिंडरों के लिए एजेंसियों पर कतार लग रही है। हंगामा भी हो रहा है। अनियमित आपूर्ति और बढ़ती मांग से लोग विकल्प तलाश रहे हैं। जिन क्षेत्रों में पीएनजी लाइन बिछी है, वहां के लोग कनेक्शन लेने के लिए सीयूजीएल कार्यालय पहुंच रहे हैं। तीन दिन में घरेलू के 125 और व्यावसायिक कनेक्शन के लिए 25 आवेदन हुए हैं।

सीयूजीएल के मैनेजर अभिषेक राहिल के मुताबिक, आवेदनों के सापेक्ष 70 फीसदी कनेक्शन भी करा दिए हैं। बकाया के चलते काटे गए कनेक्शन जुड़वाने भी लोग पहुंच रहे हैं। त्वरित कनेक्शन के लिए टीम भी गठित कर दी गई है। आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित पंजीकरण शुल्क जमा कराने पर उपभोक्ताओं को जल्द कनेक्शन देने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन


बकाया भुगतान में आई तेजी
एलपीजी सिलिंडर के सापेक्ष पीएनजी कनेक्शन ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक है। सिलिंडर बुक कराने और ढोने की परेशानी नहीं होती। गैस आपूर्ति सीधे पाइपलाइन के माध्यम से घरों और प्रतिष्ठानों तक पहुंचती है। यही वजह है कि एलपीजी आपूर्ति में दिक्कत आने पर उपभोक्ता पीएनजी की ओर रुख कर रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं ने काफी समय से पीएनजी का बिल नहीं भरा था, एलपीजी संकट के इस दौर में कनेक्शन बचाने के लिए वह भी बकाया जमा कराने पहुंच रहे हैं।

शहर में हैं 50 हजार पीएनजी उपभोक्ता
शहर के महानगर, बदायूं रोड, नकटिया, मोहनपुर, भरतौल, एयरफोर्स, कैंटोनमेंट, जाट रेजिमेंट, मिनी बाइपास, राजेंद्रनगर, प्रेमनगर, डीडीपुरम, सिविल लाइंस आवास विकास कॉलोनी, डेलापीर, वीर सावरकर नगर, एकतानगर, सीबीगंज, सनसिटी विस्तार समेत अन्य पॉश कॉलोनियों में पीएनजी के करीब 50 हजार कनेक्शन हैं। करीब दो सौ व्यावसायिक कनेक्शन भी हैं।

एलपीजी किल्लत के बीच शहरवासी अब बिजली से चलने वाले उपकरणों की ओर रुख कर रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि फरवरी तक रोजाना औसतन 250 इंडक्शन चूल्हे बिक रहे थे। मार्च के दूसरे सप्ताह में यह संख्या 500 के पार जा पहुंची है। अचानक मांग बढ़ने से दुकानदारों के पास स्टॉक कम पड़ने लगा है। कंपनियों को आनन-फानन में नए ऑर्डर भेजे गए हैं।

व्यापारियों का मानना है कि मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए इंडक्शन चूल्हा एक किफायती और सुरक्षित विकल्प बनकर उभरा है। बाजार के जानकारों का अनुमान है कि इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में अभी और भी बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। कंपनियां अब ऐसे चूल्हे बना रही हैं, जिन पर सभी बर्तन चढ़ जाते हैं। इनकी कीमत 2,500 से लेकर 5,000 रुपये तक है।
विज्ञापन


एलपीजी की किल्लत के बाद इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में तेजी आ गई है। कंपनियों को नए ऑर्डर दिए हैं, ताकि स्टॉक की कमी न हो। - साहिल मनचंदानी, व्यापारी
ब्रांडेड से लेकर विभिन्न प्रकार के इंडक्शन चूल्हे बाजार में बिक रहे है। गैस की किल्लत के बाद बाजार में अचानक तेजी आई है। - रविंद्र यादव, व्यापारी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें