बरेली। पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी थी। अब कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने पत्नी समेत दस लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
कृष्णानगर कॉलोनी निवासी रामबाबू गुप्ता ने इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को बताया कि उनके बेटे सूरज गुप्ता का विवाह हरुनगला निवासी सपना से वर्ष 2022 में हुआ था। कुछ समय बाद सपना घर में क्लेश करने लगी और सूरज पर अलग घर लेकर रहने का दबाव बनाने लगी। सूरज को उसके ससुरालवालों ने भी दबाव में ले लिया। पांच जनवरी को दंपती में झगड़ा होने पर पुलिस बुलाई जो समझौता करवाकर चली गई। पुलिस के जाने के बाद सपना अपने पति सूरज से झगड़ा करने लगी। इसके बाद सूरज घर से चला गया और जहरीला पदार्थ खाकर लौटा।
रामबाबू ने बताया कि उन्होंने सूरज की हालत देखी तो हैरान रह गए। छोटा भाई आशीष अस्पताल ले गया जहां सूरज की मौत हो गई। जब सूरज के परिजन अस्पताल में थे तभी सपना, पप्पू, मीना गुप्ता, सनी, तान्या, बबलू, मदन, राजकुमारी, नेहा गुप्ता और मदन का बेटा उनके घर आए और पांच लाख रुपये व सोने-चांदी के जेवर ले गए। सामान वापस लेने के लिए बात की तो साफ मना कर दिया। बारादरी थाने में शिकायत पर तब कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय के आदेश पर बारादरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।