फतेहगंज पश्चिमी। गांव धनेटा में सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने से बचने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने पर ग्रामीणों ने विरोध किया। उन्होंने एसडीएम से सोमवार को शिकायत करके झगड़े की आशंका जताई है।
गांव धनेटा निवासी जगतपाल मौर्य, खेमकरन, प्रेमपाल, दिनेश, मोहनलाल, महेंद्र पाल आदि ने एसडीएम आलोक कुमार को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांववासी व्यक्ति ने गांव में सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया है। वह मकान का निर्माण करवा रहा है। आरोप है कि ग्रामीणों ने जब विरोध किया तो कार्रवाई से बचने के लिए कब्जेदार ने रातों रात वहां डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी।
इलाके के कुछ नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उद्घाटन किया। गांव में विवाद होने पर तहसील प्रशासन ने भविष्य में वहां कार्यक्रम पर रोक लगा दी।
तहसीलदार आशीष कुमार ने कृष्णपाल को 13 दिसंबर 2025 को बेदखल कर दिया। उसपर चार लाख 86 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके एक सप्ताह बाद आरोपी ने तहसीलदार कोर्ट में अपील की। ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जेदार आंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं।