बरेली। जागरूक और स्वस्थ मां ही बेहतर तरीके से अपनी बेटी की उचित परवरिश कर सकती है। अक्सर बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर लोग लापरवाही बरतते हैं। बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर मां की जागरूकता के लिए ही अमर उजाला कार्निवल में श्रीराम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस हेल्दी डॉटर, हेल्दी मदर शो का आयोजन कर रहा है। खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता में एक जगह आयोजन करने की बजाए चार ऐसी जगहों को चुना गया है जहां कमजोर वर्ग के लोग भी इसमें शिरकत कर सकते हैं, जिन्हें जागरूकता की ज्यादा जरूरत है।
इसमें भाग लेने के लिए मां को अपनी बेटी के साथ इन आयोजन स्थलों पर पहुंचना होगा। एसआरएमएस के डॉक्टर्स की टीम बेटियों का चेकअप कर मां से कुछ सवाल करेंगी और उन्हें नंबर देगी। जिसे सबसे ज्यादा नंबर मिलेंगे उस मां और बेटी को डीडीपुरम स्थित अमर उजाला कार्निवल में छह नवंबर को सम्मानित किया जाएगा।
चार जगहों पर आयोजित होने वाले इस शो में 12 विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। हर क्षेत्र से तीन-तीन विजेताओं का चयन होगा। प्रतियोगिता में शून्य से दो साल तक की बेटियां शामिल होंगी। इसे तीन वर्गों में बांटा गया है। पहले वर्ग में शून्य से छह माह, दूसरे वर्ग में छह से 12 माह और तीसरे में 12 से 24 माह तक की बच्चियों को शामिल किया जाएगा। इसमें बेटी की फीडिंग, कॉम्प्लिमेंट्री फीडिंग, कॉम्प्लिमेंट्री फूड, बॉटल फीडिंग, इम्यून सिस्टम, सिस्टेमेटिक इलनेस आदि पर नंबर दिए जाएंगे। इसमें मदर की ज्ञान को भी परखा जाएगा। जैसे डायरिया, फीवर आदि बीमारियों के प्राथमिक उपचार के बारे में भी मां से पूछा जाएगा। मूल्यांकन करते समय इस बार भी महत्व दिया जाएगा कि अभिभावक परिवार नियोजन के कौन से उपाय अपना रहे हैं।
-----------
यहां पर होगा आयोजन
0 दो नवंबर - मढ़ीनाथ स्थित संतोषी माता मंदिर
0 तीन नवंबर - गंगापुर स्थित आशीर्वाद धर्मशाला
0 चार नवंबर- कालीबाड़ी स्थित काली मंदिर के पास धर्मशाला
0 पांच नवंबर - हजियापुर स्थित सरिता प्रवेश बाल विद्यालय