फतेहगंज पूर्वी। किशोरी को बहलाकर साथ ले जाने के आरोपी अमन ने अब उसका बाल विवाह कराने का आरोप लगाया है। किशोरी के पति और उसकी मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पॉक्सो एक्ट में दर्ज मामले में उसको चार माह 10 दिन जेल में रहना पड़ा था। अब किशोरी की शादी दूसरे युवक से करवा दी गई।
क्षेत्र के एक गांव निवासी अमन ने जिला प्रोबेशन अधिकारी बरेली को शिकायती पत्र भेजकर बताया था कि मनमुटाव के कारण षड्यंत्र के तहत गांव के कुछ लोगों के कहने पर किशोरी की मां ने बेटी के अपहरण, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसको गिरफ्तार किया। किशोरी ने कोर्ट में दिए बयान में कहा था कि अमन उसको साथ नहीं ले गया था। आरोप है कि इसके बावजूद उसको चार माह 10 दिन जेल में रहना पड़ा। इस दौरान किशोरी की मां ने नाबालिग बेटी की शादी बदायूं के युवक से कर दी, जो अपराध है। सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर किशोरी की शादी करने के आरोप में उसकी मां और पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।