मीरगंज। छात्र ने एक आईटीआई कॉलेज में जमा फीस वापस मांगने पर उसके प्रधानाचार्य पर अपमानित कर धक्के देकर निकालने का आरोप लगाया है। इस मामले में डायल 112 पुलिस से शिकायत की गई है। वहीं, इस पर स्थानीय लोगों ने भी आक्रोश जताया है।
पीड़ित छात्र आकाश निवासी सिहौर ने बताया कि वह अपने घर से डीजल लाने निकला था, लेकिन दोस्त के कहने पर उसने डीजल के पैसे से उपरोक्त कॉलेज में एडमिशन ले लिया, जब शाम को वह खाली हाथ घर पहुंचा तो परिजनों ने डांटा और आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए फिलहाल पढ़ाई न करने की बात कही। इसके बाद आकाश अगले दिन शुक्रवार को कॉलेज पहुंचा और प्रधानाचार्य से विनम्रता से फीस वापस करने की गुजारिश की, लेकिन जवाब में उसे न केवल अपमानित किया गया, बल्कि धक्के मारकर कॉलेज से बाहर निकाल दिया गया। इस दौरान प्रिंसिपल ने यहां तक कह डाला कि जाओ पहले मां-बाप की किडनी बेचो, तभी पैसे वापस मिलेंगे।
घटना से आहत आकाश ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने प्रधानाचार्य ने दो-चार दिन में फीस वापसी का आश्वासन दिया है। इधर, लोगों ने अमानवीय व्यवहार पर प्रश्न उठाए और नाराजगी जताई। संवाद
आरोप निराधार, दो-चार दिन में फीस वापस की जाएगी : प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य ने बताया कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार है। काॅलेज की छवि खराब करने के लिए यह आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने छात्र से फीस वापस करने की एप्लिकेशन लिखवा ली है। दो-चार दिन में उसकी फीस वापस कर दी जाएगी।