सिरौली। प्यास साधन सहकारी समिति के पूर्व प्रशासक आबिद वेग ने प्रदेश के प्रमुख सचिव लखनऊ, मंडल आयुक्त, डीएम एवं एसडीएम आंवला को ग्राम समाज की जमीन बेचने व मंदिर को तोड़कर भूमि को बेचने का आरोप लगाकर लिखित शिकायत की है।
उन्होंने बताया कि मोहल्ला मुगलान के दो भाई हैं, जिन्होंने ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर सभासद के नाम बैनामा करा दिया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त जमीन का निर्माण कार्य कर उसे लाखों रुपये में बेच दिया गया है। मामले में अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस तरह शाहबाद रोड पर भी आरोपियों ने शाहपुर रकबे की ग्राम समाज की भूमि पर एक गोदाम का निर्माण कर 60 लाख में बेच दिया है। इसी रकबे में एक ग्राम देवता मंदिर को तोड़कर दबंगई के बल पर कब्जा कर बेच दिया गया है। आबिद वेग ने प्रमुख सचिव से उक्त ग्राम समाज की करोड़ों की भूमि पर कब्जों की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
सभासद के पति ने बताया, कब्जे के लगे आरोप बेबुनियाद
सभासद बेबी के पति रईस बेग ने बताया कि ईंट-भट्ठे में साझेदारी को लेकर विवाद हो गया। इसमें शिकायतकर्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। हर जमीन का उनके पास बैनामा है। कब्जे के लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। संवाद