बरेली। भुता ब्लॉक के बीईओ पर स्कूल के निरीक्षण की गलत रिपोर्ट देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ ने एक ज्ञापन बीएसए संजय सिंह को सौंपा। संगठन के जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार ने बताया कि बीईओ भुता ने 23 जनवरी को फरीदपुर के धीरपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की निरीक्षण रिपोर्ट में सुबह 9:10 बजे विद्यालय को बंद दिखाया।
इसी समय रामनगर ब्लॉक के बीईओ को विद्यालय खुला हुआ मिला।उन्होंने भुता ब्लॉक के बीईओ शशांक शुक्ला पर निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए शिक्षकों को परेशान करने का आरोप लगाया। जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही कोहरे व शीतलहर के दृष्टिगत स्कूलों के समय में परिवर्तन करने की मांग उठाई।
मामले में बीईओ शशांक शुक्ला का कहना है कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय बंद मिला था। इसके साक्ष्य भी उनके पास हैं। ये बीएसए को भी दिखाएं गए हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान केसी पटेल, पुष्प राज गंगवार, मनोज गंगवार, सीएल चौधरी, श्याम सिंह यादव, ललित गंगवार, रूप किशोर गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद