तेज हवा से कम होगा कोहरे का घनत्व
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने से दिन में निकल रही चटख धूप का आनंद शहरवासी ले रहे हैं, पर रात में सर्द हवा से ठिठुरन का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से तेज हवा चलने पर कोहरे का घनत्व कम होने और तापमान में बढ़त का अनुमान जताया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, बुधवार को 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। बारिश का सिलसिला भी कम हुआ है। हालांकि, आसमान साफ होने से विकिरणीय शीतलन बढ़ने से रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
दिन में विकिरणीय उष्मन बढ़ने से अधिकतम तापमान में बढ़त हो रही है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री और गिरावट के साथ सामान्य के आसपास पहुंचेगा। पछुआ हवा से दिन के तापमान में कोई परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। हालांकि, कोहरे के घनत्व में खासी कमी आएगी।
बुधवार को अधिकतम तापमान तीन डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से तीन डिग्री कम 19.7 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 85 फीसदी दर्ज किया गया।