बहेड़ी। महिला की मौत के बाद नींद से जागे स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने शुक्रवार को यूनिसन अस्पताल को सील कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर जांच के लिए पहुंचे डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित कुमार ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की।
गांव पिपरिया रंजीत निवासी राजपाल की पत्नी गीता (33) की बच्चेदानी में गांठ थी। वह यूनिसन अस्पताल में ऑपरेशन कराने गईं। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की अचानक हालत बिगड़ गई। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि गीता की हालत बिगड़ने पर वह अस्पताल से भाग गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने शुक्रवार को दोपहर के समय डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित कुमार को बहेड़ी भेजा।
जांच के दौरान अस्पताल में तमाम अनियमितताएं पाई गईं। अस्पताल के बोर्ड पर अस्पताल संचालक तथा डॉक्टर के जो फोन नंबर लिखे थे वह भी बंद मिले। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल के तीनों गेटों को ताला लगाकर बंद करने के बाद सील लगा दी गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित कुमार ने बताया कि अन्य अस्पतालों की भी जांच की जाएगी।