आंवला। स्वतंत्रता सेनानी पार्क के समीप एक बड़े नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसकी ऊंचाई को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों के विरोध के बाद पालिका ने इसको तोड़कर समतल कराना शुरू कर दिया है।
लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में मोहल्ला पुरैना ढाल में अक्सर जलभराव की समस्या हो जाती थी। इस समस्या के समाधान के लिए पालिका द्वारा स्वतंत्रता सेनानी जगदीश जी के पार्क के पास दो बड़े नालों को जोड़ने के लिए सड़क के बीचों-बींच बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा था। मंगलवार को नाले का करीब 70 फीसदी कार्य पूरा भी हो चुका था। तभी स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि नाले की ऊंचाई सड़क से करीब दो फुट ऊपर कर दी गई है।
इससे जलभराव समस्या का समाधान होना तो दूर बरसात के दिनों में समस्या और विकराल रूप ले लेगी। इसको लेकर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई। सूचना पर चेयरमैन व पालिका ईओ मौके पर पहुंचकर समाधान कराया। ईओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि लोगों के विरोध के बाद नाले के ऊपरी हिस्से को तोड़कर अब इसको सड़क के अनुसार समतल किया जा रहा है। संवाद