बरेली। फरवरी में होने वाली यूूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के आवेदन में हुई त्रुटियों के सुधार के लिए विद्यार्थी विद्यालयों का रुख कर रहे हैं। इसकी अंतिम तिथि 12 नवंबर निर्धारित की गई है। विद्यालयों में विद्यार्थी के नाम व माता-पिता के नाम में संशोधन से संबंधित मामले अधिक पहुंच रहे हैं।
विद्यालय वेबसाइट पर लॉगिन कर विद्यार्थियों की समस्या का समाधान किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आंशिक त्रुटियों को विद्यालय स्तर से ही ठीक किया जा रहा है। विद्यार्थी व माता-पिता के नाम की स्पेलिंग में गलती को विद्यालय स्तर से सुधारा जा रहा है। इसके लिए विद्यार्थियों को अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।
इंटरमीडिएट के आवेदन के विवरण में सुधार के लिए हाईस्कूल की जानकारी भी मांगी जा रही हैै। गलत नाम, सरनेम और जन्मतिथि में सुधार के लिए विद्यार्थी अपने विद्यालय को सूचना दे सकते हैं। कुछ विद्यालयों में विद्यार्थी के फोटो में हुई त्रुटि में भी सुधार किया जा रहा है। यहां से त्रुटि सुधार के आवेदन को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजा जाएगा।
उनके स्तर से पुष्टि होने के बाद ही इसे क्षेत्रीय कार्यालय में भेजा जाएगा। यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव डॉ. नीरज कुमार पांडे ने कहा कि विद्यार्थी 12 नवंबर तक विद्यालय से संपर्क कर संशोधन करवा सकते हैं।
परीक्षा केंद्रों की जल्द जारी होगी सूची
क्षेत्रीय सचिव के अनुसार परीक्षा केंद्र की सूची तैयार की जा चुकी है। इसे दो नवंबर को जारी किया जाना था, लेकिन कुछ सुधार किए गए हैं। ऐसे में जल्द ही सूची को जारी किया जाएगा। इसके बाद आपत्तियों के लिए समय दिया जाएगा। संवाद