निदा ने दरगाह के मुरीदों पर सीधे आरोप लगाए
बुधवार रात को निदा खान ने वीडियो में कहा है कि उनकी 10 साल पहले शादी हुई थी। इसके बाद आपस में काफी परेशानियां हुई और मामला कोर्ट में चला गया, जो अभी तक विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि बीते 10 साल में उनको कई बार जान से मारने की धमकी मिली और हमले भी हुए लेकिन 26 सितंबर को आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर के प्रदर्शन के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। इस मामले में वह बहुत कुछ कहना चाहती थी, लेकिन मामला काफी संवेदनशील था। वह कुछ भी कहने से हिचक रही थीं, लेकिन उनके मानने वाले किसी से नहीं डरते। इस घटना के बाद से ही धमकी भरे फोन आ रहे हैं। उन्होंने दरगाह के मुरीदों पर सीधे आरोप लगाए हैं। यह वीडियो उन्होंने यूपी पुलिस को पोस्ट किया है।
'यह लोग तालिबानी सोच के'
निदा खान ने कहा कि मौलाना तौकीर ने जो किया उनके साथ बहुत ठीक कार्रवाई हुई है। उन्होंने जाने-अनजाने जो भी किया वो गलत था। निदा ने मौलाना के परिवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अरसलान उनका देवर था और उसके साथ उवैस नाम का लड़का रहता था। उसका भी नाम मुकदमे में है। यह लोग माफिया की तरह तालिबानी सोच के हैं।
'मैं असुरक्षित महसूस कर रही हूं'
मौलाना की पहली पत्नी पाकिस्तानी थी और उन्हें भी तीन तलाक देकर निकालकर दूसरी शादी की थी। निदा ने कमलेश तिवारी हत्याकांड का भी जिक्र करते हुए कहा कि उसमें भी दरगाह के एक मौलाना का नाम सामने आया था। उसे जमानत मिल गई और शक के बिना पर गिरफ्तार किया गया था। ऐसे बहुत सारे मामले हैं जो दरगाह से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि मैं असुरक्षित महसूस कर रही हूं। पति के वारंट भी निकल रहे हैं लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।