फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अधिवक्ता महजबीन हत्याकांड: बरेली में वकीलों ने कलक्ट्रेट चौराहे पर लगाया जाम, पीड़ित परिवार की भूख हड़ताल जारी

Tue, 23 Dec 2025 10:03 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली में अधिवक्ता महजबीन अंसारी की दहेज की खातिर हत्या के मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पीड़ित परिवार की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को पीड़ित परिवार के साथ वकीलों ने कलक्ट्रेट गेट पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। चौराहे पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन
कलक्ट्रेट चौराहे पर प्रदर्शन करते वकील - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में अधिवक्ता महजबीन अंसारी के हत्यारोपी सभी ससुरालवालों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों के साथ वकीलों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर कलक्ट्रेट चौराहे पर जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब डेढ़ घंटे तक स्टेशन रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। सीओ हाईवे ने वकीलों को समझाकर जाम खुलवा दिया, लेकिन कलक्ट्रेट गेट पर भूख हड़ताल अब भी चल रही है। 

विज्ञापन


प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 27 नवंबर को जज की भतीजी अधिवक्ता महजबीन अंसारी की उनकी ससुराल में हत्या कर दी गई थी। इसी साल 27 फरवरी को उनकी डॉ. ताल्हा से शादी हुई थी। मायके वालों ने पति समेत ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इनमें पति समेत सास व ससुर को जेल भेजा गया था, जबकि परिवार बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी चाहता है। महजबीन के चाचा वरिष्ठ अधिवक्ता अच्छन अंसारी ने रविवार से कलक्ट्रेट गेट पर भूख हड़ताल शुरू कर दी। परिवार के लोग व वकील उनकी मदद में धरने पर बैठे हैं।

मंगलवार दोपहर करीब पौने दो बजे वकीलों ने धरनास्थल पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। फिर वह कलक्ट्रेट चौराहे पर चले आए। यहां उन्होंने मानव शृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। महिला वकील भी मौजूद रहीं। चेतावनी दी कि जल्द ही महजबीन हत्याकांड के बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

विज्ञापन

थमे वाहनों के पहिये, कोतवाल से तकरार
कलक्ट्रेट के सामने चौराहे पर जाम लगा होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों के पहिये थम गए। एंबुलेंस तक इसमें फंस गईं। प्रदर्शन के बीच नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली जाम में फंस गई। इसमें स्टाफ जंक्शन से नगर निगम की ओर जा रहा था। कोतवाली इंस्पेक्टर ने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से रास्ता खाली करने के लिए कहा तो वह भड़क गए और इंस्पेक्टर से जमकर कहासुनी हो गई। 

एंबुलेंस व जरूरी वाहन निकलवाने की कोशिश में सदर कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम की प्रदर्शनकारी वकीलों से तकरार हो गई। हालांकि वकीलों ने ही मामले को सुलझा लिया और फिर एंबुलेंस व ट्रैक्टर निकलवा दिए गए। वरिष्ठ वकीलों ने नौजवान साथियों से साफ कहा कि जरूरी वाहनों को न रोका जाए। बाकी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
विज्ञापन

सीओ हाईवे ने समझाया तो खत्म किया जाम
जंक्शन रोड पर जाम लगने की सूचना पर कोतवाली समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर आ गई। सीओ हाईवे का काम देख रहे एएसपी शिवम आशुतोष यहां आ गए। उन्होंने वकीलों को समझाया तो काफी देर तक तकरार भी हुई। हालांकि बाद में वकील चौराहे से हटकर फिर उसी स्थान पर आ गए जहां धरना व भूख हड़ताल चल रही थी। सीओ हाईवे ने बताया कि दहेज हत्या के इस मामले की विवेचना सीओ प्रथम कर रहे हैं। उन्हीं के स्तर से आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उन्होंने वकीलों से वादा किया कि जिस भी आरोपी की हत्या के मामले में संलिप्तता मिलेगी, उस पर विवेचना में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

सीएमओ बोले- टीम गठित कराएंगे
महजबीन अंसारी के चाचा एडवोकेट अच्छन अंसारी रविवार से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनकी हालत लगातार गिरती जा रही है। अभी तक उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सुध नहीं ली गई है। इस बारे में सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक इस तरह की भूख हड़ताल के बारे में कोई जानकारी विधिवत नहीं दी गई है। मीडिया के जरिये पता लगा है, अब जल्दी ही टीम भेजकर अधिवक्ता की स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी।


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें