फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बदायूं में बन रहा मिलावटी पनीर, कानपुर तक आपूर्ति

Sat, 28 Feb 2026 02:32 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बदायूं के गांव बिधौलिया में निर्मित होने वाले मिलावटी पनीर की आपूर्ति वाया बरेली कानपुर तक की जा रही है। कानपुर की टीम ने बदायूं के 786 किलो पनीर की खेप और सप्लायर को पकड़कर पूरे काले कारोबार से पर्दा उठाया है।
विज्ञापन

वहीं, कानपुर टीम की सूचना पर शुक्रवार को बरेली में भी मुख्य सप्लायर के यहां छापा मारकर 580 किलो पनीर को फिंकवाया गया। सब्जी मंडी में स्थित मुख्य सप्लायर रौनक ट्रेडर्स के स्वामी अरसान ने मिलावटी पनीर निर्माताओं के नाम भी अफसरों को बताए हैं।
कानपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की सूचना पर बरेली के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम शुक्रवार दोपहर रौनक ट्रेडर्स के यहां पहुंची। यहां एक कमरे में गंदे कपड़े की 50-60 गठरियों में पनीर रखा मिला। उस पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। दुर्गंध भी आ रही थी।
विज्ञापन

पूछताछ में फर्म मालिक अरसान ने बताया कि वह बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बिधौलिया से पनीर खरीदता है। यह पनीर उसे सुरजीत, सुधीर, विनोद, रोहित, कुंवरपाल और सुखवीर बेचते हैं। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसी ने 26 फरवरी को 786 किलो पनीर की सप्लाई कानपुर नगर के तिरुपति बाला जी ट्रेडिंग कंपनी को भेजी थी। यह पनीर उसने थोक भाव 150 रुपये में बेचा था।
कानपुर जा रही खेप को वहां के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चौबेपुर के पास पकड़ा था। अधिकारियों ने इसे घटिया क्वालिटी का पनीर करार देते हुए एक नमूना संगृहीत किया और शेष पनीर को नष्ट करा दिया था। साथ ही बरेली से इस घटिया पनीर की सप्लाई को रोकने के लिए बरेली के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी (सीएफएसओ) को फोन पर सूचित किया था।
इसी क्रम में बरेली के सीएफएसओ के नेतृत्व में शुक्रवार को रौनक ट्रेडर्स के यहां छापेमारी कर अधिकारियों ने 580 किलो संदिग्ध गुणवत्ता वाले पनीर को जब्त किया। उसका एक नमूना संगृहीत कर अवशेष पनीर को नष्ट कराया है। साथ ही संदिग्ध गुणवत्ता वाले पनीर बनाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बदायूं के सहायक आयुक्त (खाद्य) को जानकारी दी है।

बदायूं के कई गांवों में बनता है मिलावटी पनीर
बदायूं के बिधौलिया ही नहीं अन्य कई गांवों और बिनावर कस्बे में भी मिलावटी पनीर बनाया जाता है। बरेली के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि शुक्रवार को रौनक ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से जो संदिग्ध गुणवत्ता वाला पनीर बरामद हुआ है, उसमें रिफाइंड व अन्य पाउडर की मिलावट प्रतीत होती है। इसमें क्रीम की मात्रा भी न के बराबर है।

वर्जन
रौनक ट्रेडर्स के स्वामी अरसान को कारोबार में सुधार करने का नोटिस दिया है। 15 दिन बाद फिर निरीक्षण करेंगे, यदि सुधार न मिला तो लाइसेंस निरस्त करेंगे। नमूने की जांच रिपोर्ट मिलने पर अन्य कार्रवाई करेंगे। बदायूं के बिनावर कस्बे और गांवों में मिलावटी पनीर बनाने का धंधा कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है। वर्ष 2017-18 में वहां तैनाती के समय मैंने ही बिनावर में नकली पनीर बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। - अक्षय गोयल, सीएफएसओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें