एडीजी जोन पीसी मीना ने सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान समेत जिले के सभी पुलिस अफसर मौजूद रहे।
बरेली में एडीजी जोन पीसी मीना ने सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर होली और रमजान पर सुरक्षा बंदोबस्त दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बरेली जिले में 2577 होलिका दहन होना है। 64 जुलूस निकाले जाने हैं। लोकसभा चुनाव भी नजदीक है, इसलिए अफवाहों पर भी गौर करके कानून व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी। एडीजी के साथ ही अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी थानेदारों को निर्देश दिए।
विज्ञापन
एडीजी ने निर्देश दिए कि होलिका दहन स्थलों पर सभी संबंधित प्रभारी भौतिक सत्यापन कर लें कि उस जगह विवाद की स्थिति तो नहीं है। होलिका दहन को लेकर किसी भी थाना क्षेत्र में नई परंपरा नहीं पड़नी चाहिए। होली पर निकलने वाले जुलूस, शोभायात्रा एवं शाही थाना क्षेत्र में लगने वाले मेलों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए मानक के अनुसार पुलिस फोर्स तैनात किया जाए।
उन्होंने कहा कि त्योहार पर निकले वाले जुलूस व शोभायात्रा के मार्गों का पूर्व में निरीक्षण कर लिया जाए। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में प्रभावी गश्त की जाए। शांति व्यवस्था बनाने रखने के लिए पीस कमेटी, प्रबुद्ध वर्ग एवं धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर ली जाए। उन्होंने कहा कि होली एवं रमजान माह के दौरान सोशल मीडिया भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट का तत्काल खंडन किया जाए। सोशल मीडिया सेल से इसकी लगातार निगरानी कराई जाए।