बरेली। ननिहाल में रह रहे बेटे की संदिग्ध हालात में मौत से बदहवास अभिनेत्री सपना सिंह मुंबई से लौटीं तो विरोध में शव बीसलपुर रोड पर रखकर ग्रामीणों के साथ जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सीओ फरीदपुर के समझाने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले में बेटे के दोस्तों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
क्राइम पेट्रोल और माटी की बन्नो समेत कई सीरियल में काम कर चुकीं सपना सिंह मंगलवार को मुंबई से भुता थाना क्षेत्र के गांव रसूला स्थित मायके लौटीं और इकलौते बेटे का शव देखकर फफक पड़ीं।
ग्रामीणों में पहले से ही घटना को लेकर गुस्सा था। परिवार के लोगों के साथ ग्रामीणों ने गांव में बीसलपुर रोड पर जाम लगा दिया। महिलाएं सड़क पर बैठ गईं। थोड़ी देर में चारपाई पर शव लाकर रोड पर रख लिया गया और दोबारा पोस्टमाॅर्टम कराने की मांग की।
सीओ फरीदपुर आशुतोष शिवम के साथ ही भुता व फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर आ गई। सीओ ने परिवार के सामने ही बारादरी थाना प्रभारी से फोन पर बात की। परिवार को ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर भेज दिया। अमर उजाला ब्यूरो