बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में खजुरिया घाट के पास एक प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग लग गई। छत पर बने मकान तक लपटें पहुंचीं तो वहां रह रहे परिवार ने भागकर अपनी जान बचाई।
दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट की वजह से हादसा होने की बात सामने आई है। खजुरिया घाट के पास अब्दुल अजीज का प्लाईवुड गोदाम है। वह नए-पुुराने फर्नीचर को खरीदने, बेचने व मरम्मत का काम करते हैं।
गोदाम की छत पर बने आवास में उनका परिवार रहता है। मंगलवार सुबह अगले हिस्से में आग लग गई। लपटें उठती देख घबराए परिवार ने घर से बाहर आकर जान बचाई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग डर गए। गोदाम के आगे के हिस्से में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया जबकि पिछले हिस्से के सामान को काफी हद तक बचा लिया गया।
सूचना पर अग्निशमन केंद्र सिविल लाइंस से तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लीडिंग फायरमैन उदयवीर सिंह व उनकी टीम ने जांच में पाया कि गोदाम के अगले हिस्से में बिजली तार टूटकर गिरा जिसकी स्पार्किंग से आग लगी होगी। जांच में यह भी पाया गया कि प्लाईवुड गोदाम का बीमा भी नहीं था। अमर उजाला ब्यूरो