चुलबुले और मस्ती भरे दृश्यों से ‘दिल्लगी’ ने दर्शकों को खूब हंसाया
बरेली नाट्य महोत्सव में ड्रामा ड्रॉपआउट्स की ओर से शुक्रवार को नाटक ‘दिल्लगी’ का मंचन किया जाएगा। चुलबुले और मस्ती भरे दृश्यों से नाटक ने दर्शकों को खूब हंसाया। नाटक दिल्लगी के केंद्र में हैं महाशय चक्रधर जो आडंबरकारी किंतु भोले पंडित हैं। वह एकतरफा प्रेम में घिर जाते हैं। उनके साथी इसे ताड़ जाते हैं। पंडितजी को एकतरफा प्यार में घिरा देखकर उनके क्लास के कुछ लड़के मिलकर लूसी की तरफ से पंडित जी को फर्जी प्रेमपत्र भेज देते हैं। उसके बाद हंगामों, शरारतों, छेड़छाड़ और दिल्लगी का जो दौर शुरू होता है वो आपको बेलौस हंसने पर मजबूर कर देता है।
नाटक का निर्देशन लव तोमर ने दिया। पात्रों की भूमिका में विजय कुमार सिंह, पंकज कुमार मौर्य, शुभा भट्ट, स्पर्श पटेल, अभिषेक , अमन गुप्ता, सिद्धि रस्तोगी, मुनीश रत्न, हिमांशु गंगवार नजर आते हैं। विनोद पागरानी, बंटी खान, उद्यमी तनुज भसीन, संदीप झावर, नितिन मोदी, अमन, वैभव, श्रेय मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी मोहित कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को फिल्म अभिनेता शरमन जोशी का नाटक ‘राजू राजा राम और मैं’ का मंचन शाम छह बजे किया जाएगा।