बीसलपुर। बरेली के भुता थाना क्षेत्र में कैलाश नदी पुल के पास हुए भीषण हादसे में कार चालक और एक ही परिवार के लोगों की मौत की खबर बुधवार देर शाम घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजन घर में ताला डालकर बरेली रवाना हो गए। मोहल्ले के लोगों ने सुना तो मातम पसर गया। वह गमगीन परिवार को ढांढस बंधाने के लिए आए और घर बंद मिलने पर लोग गेट पर एकत्र होकर वापसी का इंतजार करने लगे। फोन पर संपर्क कर खैर खबर ली जाने लगी।
मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी और ग्यासपुर में हादसे में सात लोगों की मौत की खबर से हर कोई गमगीन दिखा। लोग वक्त को कोस रहे थे। दोनो मोहल्ले के सभासद अलाउद्दीन व असलम खां ने बताया कि ये लोग आबिद की पत्नी परवीन को देखने बरेली गए थे जिसे बेटे का जन्म हुआ था। पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। जाने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। दिन भर बरेली रहने के बाद शाम को घर लौटते वक्त यह हादसा हो गया। बाद में खुशी के पल मातम में बदल गए। दुख की घड़ी में परिजन और रिश्तेदार ही नहीं पड़ोसी और इलाके के अन्य लोग भी अफसोस जताते रहे। उधर, घटना की खबर सोशल साइट्स पर भी फैल गई। इसके बाद पूरे जिले में इस घटन की चर्चा होती रही।