फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: मेडिकल स्टोर संचालक पर तेजाब फेंका, चेहरा झुलसा

विज्ञापन
विज्ञापन
आंवला (बरेली)। मेडिकल स्टोर पर बैठे संचालक पर सोमवार दोपहर ग्राहक बनकर आए बाइक सवारों ने तेजाबी हमला कर दिया। इससे संचालक का चेहरा और गला बुरी तरह झुलस गया। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर बैठकर भाग निकले। पुलिस को आशंका है कि प्रेमप्रसंग के चलते संचालक पर हमला किया गया है।
विज्ञापन

रामनगर रोड पर भूतेश्वर मंदिर के पास रहने वाले यादराम वर्मा आईटीआई बरेली में कर्मचारी हैं। उनका छोटा बेटा अंकुश वर्मा उर्फ अंकित मेडिकल स्टोर संचालित करता है। घर के बाहरी हिस्से में अंकुश की दुकान है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे अंकुश वर्मा अपने मेडिकल स्टोर पर बैठे थे। बाइक सवार दो युवक वहां आए। एक युवक बाइक को स्टार्ट किए सड़क पर खड़ा रहा, जबकि दूसरा युवक मेडिकल स्टोर पर आया। उसने कोई दवा मांगी।
जैसे ही अंकुश काउंटर पर आए, वैसे ही हमलावर ने उनके चेहरे पर गिलास में लाया हुआ तेजाब फेंक दिया। इस दौरान हमलावर लपककर बाइक पर बैठा और साथी के साथ भाग निकला। अंकुश के चीखने पर परिजन और आसपास के लोग जुट गए। परिजन तत्काल अंकुश को लेकर बरेली पहुंचे। निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें लखनऊ या दिल्ली रेफर करने पर विचार किया जा रहा है।
विज्ञापन

-

सीओ के साथ पहुंची फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
- घटना की सूचना पर सीओ आंवला नितिन कुमार तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच की। बरेली से फॉरेंसिक टीम भी बुला ली गई। पुलिस को स्टोर के काउंटर पर कांच का गिलास पड़ा मिला। बताया गया कि हमलावर इसी गिलास में तेजाब लेकर आया था या फिर उसने होशियारी से बोतल का तेजाब उसमें लौट लिया। पुलिस ने गिलास को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिंगर प्रिंट भी लिए गए।

प्रतिष्ठित है परिवार
- अंकुश का परिवार काफी प्रतिष्ठित और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह का करीबी है। अंकुश के पिता आईटीआई कर्मचारी हैं तो बड़े भाई फर्रुखाबाद पुलिस में कांस्टेबल हैं। उनकी मां आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं। दो साल पहले ही अंकुश ने फार्मासिस्ट का डिप्लोमा लिया और फिर घर के बाहर मेडिकल स्टोर संचालित किया।

-
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, धरपकड़ भी शुरू
- पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता लगा कि दोनों आरोपियों के चेहरे खुले थे। अंकुश की हालत गंभीर है जबकि और लोग इन्हें पहचान नहीं पाए। इसलिए पुलिस का पहला जोर रोड के किसी सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों के चेहरों की फुटेज साफ देखने को लेकर है। पुलिस को लोगों ने बताया कि अंकुश का परिवार क्षेत्र के गांव ढरकापुर का निवासी है। वहां आम रास्ते को लेकर उनके परिवार का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस इस विवाद को घटना की वजह नहीं मान रही। अंकुश के भाई से बातचीत में पुलिस को इनपुट मिला है कि उसकी एक लड़की से दोस्ती है। माना जा रहा है कि उसी लड़की के परिवार ने यह घटना की या कराई है। संदेह के आधार पर पुलिस ने धरपकड़ भी शुरू कर दी है। संवाद
-
- हालत में सुधार होने पर अंकुश वर्मा से बात की जाएगी। फिलहाल परिवार और करीबियों से जानकारी लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जल्दी ही आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तारी कर ली जाएगी। - अंशिका वर्मा, एसपी दक्षिणी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें