आरोपी बोला- मैं तो पत्नी के साथ अस्पताल में था
शेरगढ़ के गांव में सोते दंपती व बच्चों पर हुए तेजाबी हमले की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी उमेश के तर्क भी मजबूत लग रहे हैं। महिला की कॉल डिटेल से कई पड़ोसी भी रडार पर आ गए हैं।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी उमेश कश्यप ने पूछताछ में सफाई दी है कि उसकी पत्नी ने शुक्रवार रात बच्चे को जन्म दिया है। वह पत्नी के साथ अस्पताल में था तो तेजाब कैसे फेंक सकता है। उमेश को असली अपराधी मान रही पुलिस ने उसके दावे की हकीकत परखी तो काफी हद तक बात सही लगी।
महिला के मोबाइल फोन की जांच हुई तो पता लगा कि कई पड़ोसियों से उसकी घंटों बातचीत होती है। चूंकि आरोपी छत से ही आया है तो नजदीकी पड़ोसियों पर अब पुलिस का शक बढ़ गया है। अब इनकी धरपकड़ की जा रही है। एसपी उत्तरी ने बताया कि हकीकत जल्दी सामने आ जाएगी।