एलएलबी के छात्र की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डटे
फरीदपुर। एलएलबी के छात्र योगेश यादव की गोली मारकर हत्या करने के मामले में घूम रहे आरोपी अब मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। फैसला न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसको लेकर बुधवार को फरीदपुर सिविल न्यायालय बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम फरीदपुर को सौंपा। इसमें उन्होंने कहा कि परिवार को सरकार की ओर से 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। आरोपियों पर कार्रवाई की जाए। अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट उत्तर प्रदेश में लागू किया जाए।
ज्ञापन देते हुए अधिवक्ताओं ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं व उनके परिवारों पर जानलेवा हमले किए जा रहे हैं। अपराधियों के हौसले बुलंद है। सिविल न्यायालय बार एसोसिएशन फरीदपुर के अधिवक्ता मनोज कुमार के भाई योगेश कुमार, जो विधि के छात्र थे। उनकी 19 जनवरी को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके छोटे भाई अधिवक्ता धीरेंंद्र कुमार के ऊपर जानलेवा हमला किया। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। ऐसी स्थिति में अधिवक्ताओं के परिवार की सुरक्षा के लिए प्रदेश में कोई ठोस कानून बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मृतक के हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट उत्तर प्रदेश में अतिशीघ्र लागू किया जाए। ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता अजयपाल सिंह, रजनीश कश्यप, प्रवीण सिंह भदौरिया, बृजेश यादव, प्रवेश त्रिवेदी, अतुल परमार, पंकज मिश्रा, मनोज कुमार, पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, मथुरा प्रसाद, देवेश पांडे आदि मौजूद रहे। संवाद
-
एक आरोपी भेजा गया जेल
फरीदपुर। नवादा बिलसंडी गांव निवासी एलएलबी के छात्र योगेश कुमार यादव की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी सुमित उर्फ नन्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि आरोपी सुमित उर्फ नन्हे को गिरफ्तार कर पूछताछ भी की गई है। संवाद