आंवला। पिछले सप्ताह शनिवार को सरेशाम प्रेम प्रसंग के चलते दो पक्षों में हुई फायरिंग और युवक को लाठी-डंडों व फरसे से पीटते हुए घसीट कर ले जाने के मामले में थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो और दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मोहल्ला लठैता निवासी आरोपी तरुण सिंह को शुक्रवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला निवासी पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति को आरोपियों ने लाठी-डंडों व फरसे से हमला कर पिटाई लगाई और उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गए थे। इस मामले में पीड़िता की ओर से छह नामजद व तीन अज्ञात पर मामला दर्ज कराया गया था। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने आरोपी को रोडवेज बस स्टॉपेज से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दूसरे पक्ष की बेटी से उसका प्रेम प्रसंग था। 15 अक्तूबर को वह युवती के साथ बरेली के एक मॉल में घूमने गया था, जिसकी जानकारी होने पर मोहित गुप्ता ने अपने साथियों के साथ बरेली आकर उसके साथ मारपीट की थी। इसी मारपीट से क्षुब्ध होकर उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। संवाद