राशिद ने बताया कि परिजनों ने जब युवती की शादी तय की तो उसने राशिद से कहा था। तब राशिद ने ही उसकी मां व भाई को बताया कि उनकी बेटी किसी और से प्यार करती है और शादी नहीं करेगी। युवती ने खुद अपने मंगेतर को कॉल करके यह बात बताई कि शादी हो भी गई तो वह उसे तलाक दे देगी या मर जाएगी। तब मंगेतर ने ही उसके परिजनों से बात करके रिश्ता तोड़ दिया था और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का सामान लौटा दिया।
युवती से कहा था- तेरे भाई को निपटा दूंगा
राशिद ने बताया कि युवती की शादी के लिए उसका भाई इधर-उधर रिश्ते की बात कर रहा था। युवती ने उसे बताया तो उसने कहा कि वह उसके भाई को ही रास्ते से हटा देगा, तब युवती ने ऐसा करने से मना किया था। बताया कि घटना के दिन वह नर्सरी चला गया। उसने शादी का प्रस्ताव रखा तो युवती के भाई ने उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान उसने थैले से हथौड़ा निकालकर दोनों की हत्या कर दी।
पहले बेटे को मारा, मां भिड़ी तो हथौड़ा मारता चला गया
राशिद ने बताया कि कहासुनी में गुस्सा होकर प्रेमिका का भाई उस पर हमला करने लगा। वह भारी भरकम हथौड़ा साथ लेकर गया था। उसने युवक के सिर पर पीछे से हथौड़े से वार किया। सामने ही बेटे पर हमला होते देख महिला ने उसे पीछे से पकड़कर खींचा।
महिला के नाखून उसके जिस्म में कई जगह लगे तो वह तिलमिला उठा। उसके बेटे के जमीन पर गिरते ही राशिद ने मां को निशाने पर ले लिया। महिला के सिर में ताबड़तोड़ हथौड़े मारे। तब तक हमला किया जब तक वह शांत न हो गई। उसे होश आया तो अपनी ही करतूत पर हैरान रह गया। फिर युवक का मोबाइल और हथौड़ा छुपा दिया और घर चला गया।