फरीदपुर। सट्टे लगाने के गिरोह पर युवक को जाल में फंसाकर लाखों रुपये ठगने का आरोप है। पिता ने तहरीर देकर बताया कि सट्टा लगाने से रोकने के लिए कहा तो उनको जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। गनीमत रही कि फायर मिस हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
मोहल्ला परा निवासी दिनेश पाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे उदय उर्फ आदित्य सिंह को कस्बे के ही इंडेन गैस एजेंसी के पास रहने वाले युवक ने झांसे में ले लिया था। आरोपी ने उदय से लाखों रुपये का सट्टा लगवाया। जिंदगी बर्बाद कर दी। चार अगस्त को आरोपी ने उनके बेटे पर दोबारा सट्टा खेलने का दबाव बनाया। बेटे ने इन्कार किया तो आरोपी ने उससे मारपीट की। इसके बाद बृहस्पतिवार शाम दिनेश पाल पुराना रामलीला मैदान के पास आरोपी से मिले। सट्टा खेलने का विरोध किया तो आरोपी आगबबूला हो गया। आरोप है कि उसने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की। गनीमत रही कि निशाना चूक गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।