बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र की कॉलोनी में अपने वरिष्ठ साथी व उनकी पत्नी का सिर फोड़ने व अश्लीलता करने के आरोपी जूनियर वकील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
बारादरी थाना क्षेत्र की एक पॉश कॉलोनी निवासी अधिवक्ता ने थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया था कि उनके पड़ोस में रहने वाले शख्स ने अपने व्हाट्सएप पर अभद्र टिप्पणी वाला स्टेटस लगाया था। इसके जरिये उनकी पत्नी के चरित्र पर लांछन लगाया जा रहा था। शिकायत करने के लिए वह वकील पत्नी के साथ आरोपी के घर गए थे। वहां आरोपी ने उनकी पत्नी के साथ अश्लील हरकतें कर दी। विरोध पर आरोपी ने लोहे की रॉड व धारदार हथियार से उन दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद घायल दंपती और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी थाने पहुंचे। पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि पुलिस ने सभी पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया है। रुहेलखंड चौकी प्रभारी नितिन राणा ने आरोपी रजत आर्या को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने आवेश में हमला करने की बात स्वीकार की। उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया।