भमोरा (बरेली)। भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोपी भी 14 साल का किशोर है। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। तहरीर देने के बाद बच्ची के परिजनों ने लिखित समझौता कर कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी पांच वर्षीय पुत्री कक्षा एक की छात्रा है। पड़ोस में रहने वाला 14 वर्षीय छात्र बेटी को फुसलाकर अपने घर ले गया। आरोप लगाया कि उसने बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बेटी के चीखने की आवाज सुनकर जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी नग्न अवस्था में था। वह बच्ची को साथ ले आए। उन्होंने पहले चौकी और फिर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
गांव पहुंचे इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने मुआयना कर पीड़ित पक्ष को बयान दर्ज कराने के लिए कहा। कुछ लोगों से बात करने के बाद पीड़िता के पिता ने मामला दर्ज न कराने की बात कही। कहा कि उसने कुछ लोगों के बहकावे में आकर तहरीर दे दी थी। गलतफहमी हो गई थी, मामला ऐसा नहीं था जैसा उसने दर्ज करा दिया गया। संवाद